दलमा (पूर्वी सिंहभूम): राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों को विकसित करने की 'अबुआ सरकार' की प्रतिबद्धता आज धरातल पर उतरती दिखी। पूर्व में किए गए वादों को गति देते हुए आज मंत्री (पर्यटन, कला-संस्कृति, नगर विकास एवं आवास तथा उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग) सुदिव्य कुमार द्वारा दलमा वन्यजीव अभ्यारण्य (Dalma Wildlife Sanctuary) में 30 ईको कॉटेज (30 Eco Cottages) का विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही, वन्यजीव प्रेमियों के रोमांच को बढ़ाने हेतु उन्होंने सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर विधिवत 'जंगल सफारी' (Jungle Safari) का शुभारंभ किया।
इस गरिमामय समारोह में घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन तथा ईचागढ़ विधायक सविता महतो विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विज्ञप्ति के मुख्य अंश:
• सुविधाजनक प्रवास और प्राकृतिक आनंद: मंत्री जी ने बताया कि इन 30 ईको कॉटेज के निर्माण से यहाँ आने वाले पर्यटकों को अभ्यारण्य के समीप ठहरने की उत्कृष्ट सुविधा मिलेगी। इससे पर्यटक प्रकृति के बीच रहकर दलमा की वादियों और इसके नैसर्गिक सौंदर्य का भरपूर लुत्फ उठा सकेंगे। सरकार का लक्ष्य पर्यटकों के प्रवास को अधिक सुलभ और आरामदायक बनाना है।
• रोमांचक जंगल सफारी: सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाने के पश्चात माननीय मंत्री एवं विभागीय अधिकारियों ने स्वयं भी जंगल सफारी के माध्यम से अभ्यारण्य का भ्रमण किया। इस नई सेवा से अब पर्यटकों के लिए दलमा की सैर अधिक सुरक्षित और रोमांचकारी हो जाएगी।
• विकास के प्रति संकल्प: इस अवसर पर सुदिव्य कुमार ने कहा, "दलमा झारखंड की प्राकृतिक धरोहर का केंद्र है। हमने इसे पर्यटन हब बनाने का जो संकल्प लिया था, आज ईको कॉटेज का शिलान्यास और सफारी का शुभारंभ उसी दिशा में बढ़ते कदम हैं। इन सुविधाओं से क्षेत्र की एक नई पहचान बनेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।