चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार का कृत्य किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं - जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री।
समाज में अशांति फैलाने अथवा चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश ।
नगरपालिका (आम) निर्वाचन 2026 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण संपादन एवं आदर्श आचार संहिता के शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 28 जनवरी 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त, रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर श्री पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री प्रवीण पुष्कर, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) श्री राजेश्वरनाथ आलोक, उप प्रशासक रांची नगर निगम श्री संजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, रांची श्री कुमार रजत, अनुमंडल पदाधिकारी बुंडू श्री किस्टो बेसरा, प्रभारी आर्म्स मजिस्ट्रेट श्री सुदेश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक हेडक्वार्टर-1 श्री अमर पाण्डेय, पुलिस उपाधीक्षक शहर श्री वी. रमण, पुलिस उपाधीक्षक सदर श्री संजीव बेसरा, एवं पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली श्री प्रकाश सोय उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह- उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा आदर्श आचार संहिता के कड़ाई से अनुपालन को लेकर सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के कृत्य को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने जमानत पर रिहा अपराधियों एवं आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, समाज में अशांति फैलाने अथवा चुनावी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा शस्त्र अनुज्ञप्ति धारकों को निर्वाचन अवधि के दौरान अपने शस्त्र निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा कराने हेतु प्रभारी आर्म्स मजिस्ट्रेट को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, अवैध हथियारों के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, एसएसटी द्वारा सघन वाहन जांच, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री की निगरानी, अवैध शराब एवं नकद लेन-देन पर कड़ी नजर रखने के भी निर्देश जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री द्वारा दिये गये। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराने का निर्देश दिया तथा कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।